Jamshedpur : बिष्टुपुर सीएच एरिया के युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण मामले में पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। मुठभेड़ में घायल तीन शातिर अपराधियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं सूत्रों के अनुसार, इस मामले में बिहार से दो और अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
मुठभेड़ में घायल तीन अपराधी जेल भेजे गए
नालंदा जिले के इस्लामपुर निवासी गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान उर्फ आमिर और रमीज राजा पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गए थे। तीनों का एमजीएम अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
छत से कूदकर घायल आरोपी का इलाज जारी
पुलिस को देखकर घर की छत से छलांग लगाने के दौरान घायल हुए गया (गया जी) के बुनियादगंज निवासी उपेंद्र सिंह का एमजीएम अस्पताल में पुलिस निगरानी में इलाज चल रहा है।
सूत्रों के अनुसार बिहार से दो और गिरफ्तार
मामले से जुड़े विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो बिहार के अलग-अलग इलाकों से दो और आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस आधिकारिक बयान जारी कर सकती है।
13 से 15 युवकों ने मिलकर दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया है कि कैरव गांधी के अपहरण में कुल 13 से 15 युवक शामिल थे। अब तक छह अपराधी जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
घर से 100 मीटर दूर किया गया था अपहरण
गौरतलब है कि 13 जनवरी को बिष्टुपुर सीएच एरिया में कैरव गांधी का अपहरण उनके घर से महज 100 मीटर की दूरी पर सोनारी-कदमा लिंक रोड गोलचक्कर के पास से किया गया था। अपराधियों ने पुलिस लिखी स्कॉर्पियो का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया था।
रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
पुलिस के अनुसार, जेल भेजे गए गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पूछताछ के दौरान फरार अपराधियों के नेटवर्क, ठिकानों और साजिश से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।