UGC-NET Result: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने UGC-NET दिसंबर 2025 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है. परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी अपना रिजल्ट और स्कोरकार्ड NTA की आधिकारिक वेबसाइट Ugcnet.nta.nic.in पर जाकर देख सकते हैं.
जारी किए गए नतीजों के अनुसार, इस परीक्षा में कुल 5108 उम्मीदवार जूनियर रिसर्च फेलोशिप और असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए सफल हुए हैं. इसके अलावा 54,713 अभ्यर्थी असिस्टेंट प्रोफेसर बनने और पीएचडी में दाखिले के योग्य पाए गए हैं, जबकि 1,17,058 उम्मीदवार केवल पीएचडी के लिए पात्र घोषित किए गए हैं.
283 शहरों में स्थित 663 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित
UGC-NET की यह परीक्षा देश के 283 शहरों में स्थित 663 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी. परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में हुई और 85 विषयों के लिए इसे 6 दिनों में 11 शिफ्टों में पूरा कराया गया.
एनटीए के आंकड़ों के मुताबिक, इस परीक्षा के लिए कुल 9,93,702 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. इनमें से 7,35,614 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. पंजीकरण कराने वालों में 58.91 प्रतिशत महिलाएं, 41.08 प्रतिशत पुरुष और 0.01 प्रतिशत थर्ड जेंडर उम्मीदवार शामिल थे.
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एनटीए ने प्रश्नपत्र, प्रोविजनल आंसर-की और अभ्यर्थियों की रिकॉर्ड की गई प्रतिक्रियाएं वेबसाइट पर उपलब्ध कराई थीं. इन पर मिली आपत्तियों की समीक्षा विषय विशेषज्ञों द्वारा की गई.
निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा के लिए केंद्रों पर कंट्रोल रूम, वर्चुअल ऑब्जर्वर, सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल नेटवर्क जैमर जैसी व्यवस्थाएं की गई थीं.