Seraikela News: सरायकेला-खरसावाँ जिले में नगरपालिका निर्वाचन 2026 को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है. इसी कड़ी में समाहरणालय सभागार में मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमिटी MCMC के सदस्यों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया.
इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर प्रभाशंकर तिवारी और तरुण कुमार सिंह ने कमिटी की जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि किसी भी राजनैतिक विज्ञापन के प्रकाशन से पहले उसकी सामग्री का प्रमाणीकरण करना अनिवार्य है और पेड न्यूज की पहचान कर उस पर कार्रवाई करना भी MCMC की प्रमुख भूमिका है.
प्रशिक्षकों ने यह भी समझाया कि किस तरह उम्मीदवारों और राजनैतिक दलों के विज्ञापन खर्च को उनके व्यय खाते में जोड़ा जाएगा. इसके लिए विज्ञापन सामग्री की जांच, समयसीमा के भीतर निष्पादन और प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई.
सोशल मीडिया पर होने वाले चुनाव प्रचार को लेकर निर्धारित मापदंडों की भी जानकारी दी गई. साथ ही बताया गया कि विज्ञापनों से संबंधित व्यय विवरण को व्यय कोषांग तक कैसे भेजा जाएगा और निर्वाचन आयोग को दैनिक एवं साप्ताहिक रिपोर्ट किस तरह प्रेषित की जाएगी.
प्रशासन का मानना है कि इस तरह के प्रशिक्षण से MCMC कमिटी की कार्यक्षमता बढ़ेगी और चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने में मदद मिलेगी.