Deoghar News: देवघर जिले में बढ़ते साइबर अपराध पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. साइबर अपराधियों की गतिविधियों और उनके नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से देवघर पुलिस अब पूरी तरह सतर्क मोड में नजर आ रही है.
एसपी सौरभ और साइबर डीएसपी राजा कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस की एक वरिष्ठ टीम ने साइबर अपराध की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया. इस दौरान पुलिस टीम ने साप्तर, मिसरना, चरपा, कजरामोड़, चकनवादा, लखनवां और कोकराबाद समेत कई गांवों का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने न सिर्फ क्षेत्रों की स्थिति देखी, बल्कि ग्रामीणों से सीधी बातचीत कर साइबर ठगी के तरीकों, संदिग्ध गतिविधियों और अपराधियों से जुड़ी जानकारियां भी प्राप्त कीं. ग्रामीणों ने भी खुलकर अपने अनुभव साझा किए और साइबर अपराध से संबंधित सूचनाएं पुलिस को दीं.
अस्थायी पुलिस पिकेट लगाने का निर्णय
निरीक्षण के बाद पुलिस ने दो अहम फैसले लिए. पहला, साप्तर, मिसरना, चरपा, कजरामोड़ और चकनवादा जैसे इलाकों में साइबर अपराधियों पर 24 घंटे नजर रखने के लिए मिसरना गांव में एक अस्थायी पुलिस पिकेट स्थापित की जाएगी.
दूसरा, मधुपुर–देवघर मुख्य सड़क पर स्थित कोकराबाद मोड़ को संवेदनशील मानते हुए वहां भी अस्थायी पुलिस पिकेट लगाने का निर्णय लिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन कदमों से साइबर अपराध पर नियंत्रण लगेगा और अपराधियों के नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिलेगी.