Ranchi Crime News: रांची के पुन्दाग ओपी क्षेत्र के लाजपतनगर स्थित अनसूल अपार्टमेंट के सामने निर्माणाधीन भवन में मिले शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में पेंट-पुट्टी का काम करने वाले वसीम मंसूरी की हत्या की गई थी. पुलिस ने इस मामले में साहिद अंसारी और मुसरफ अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है.
4 फरवरी को मिला था शव
04 फरवरी की सुबह अनसूल अपार्टमेंट के सामने निर्माणाधीन अपार्टमेंट की लिफ्ट के नीचे जमे पानी में एक शव पड़े होने की सूचना मिली थी. जांच में शव की पहचान वसीम मंसूरी के रूप में हुई, जो 02 फरवरी 2026 से लापता था. शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हुआ. मृतक के पिता के आवेदन पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया, जिसने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
साथियों के साथ मिलकर मुसरफ ने हत्या की योजना
पूछताछ में मुख्य आरोपी साहिद अंसारी ने बताया कि उसका मृतक की बहन के साथ प्रेम संबंध था. इसी वजह से कुछ समय पहले लोहरदगा में पकड़े जाने के बाद वसीम और उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट की थी और जान से मारने की धमकी दी थी. इसी रंजिश में उसने मुसरफ और एक एक अन्य साथी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई.
02 फरवरी 2026 को वसीम को काम के बहाने अनसूल अपार्टमेंट के सामने निर्माणाधीन भवन में बुलाया गया. पहले तल्ले के एक कमरे में चाकू और डंडे से उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई. बाद में शव को छुपाने के लिए लिफ्ट लगाने के लिए बने गड्ढे में फेंक दिया गया, जहां पानी जमा था.
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू और डंडा बरामद किया है. इसके साथ ही घटना के समय पहने गए खून लगे कपड़े और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.