Patna: पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियारपुर गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब आठ महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी विरू राय उर्फ धर्मवीर कुमार को पुलिस ने जमुई जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का विवरण
बता दें कि 12 जून 2024 को बरियारपुर गांव में दीपक कुमार की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत पर बख्तियारपुर थाना में कुल आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, जबकि चार आरोपी फरार चल रहे थे।
आरोपी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित
इस संबंध में एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि फरार आरोपियों में से एक विरू राय उर्फ धर्मवीर कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी जमुई से गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि गुरुवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी जमुई जिले में छिपा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया और तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को जमुई से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है।
गोली लगने से हुई थी मौत
बताया जाता है कि इस मामले में मृतक दीपक कुमार के पिता सुभाष सिंह ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना वाले दिन दो युवकों ने उनके बेटे को फोन कर अपने घर बुलाया था। जब दीपक के वहां पहुंचने में देरी हुई, तो दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने दीपक कुमार को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामले की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।