Jharkhand Political News: भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में मजबूत आधार करार दिया है. रविवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निर्णय, सुधार और जनकल्याण की स्पष्ट सोच को दर्शाता है.
झारखंड के विकास को नई रफ्तार मिलेगी
उन्होंने कहा कि इस बजट से झारखंड के विकास को नई रफ्तार मिलेगी. वित्त वर्ष 2026-27 में राज्य को 51,236 करोड़ रुपये का कर हस्तांतरण प्रस्तावित है. वहीं वर्ष 2014 से अब तक झारखंड को 3.14 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर हस्तांतरण और 2014-26 के बीच अनुदानों के रूप में 1.04 लाख करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं, जो सहकारी संघवाद का उदाहरण है.
सांसद रूढ़ी ने बताया कि विशेष पूंजीगत सहायता योजना के तहत 50 वर्षों की ब्याज-मुक्त ऋण सहायता के रूप में 2020-21 से जनवरी 2026 तक झारखंड को 11,567 करोड़ रुपये मिले हैं. इससे सड़कों, सिंचाई, शहरी अवसंरचना और औद्योगिक परियोजनाओं को गति मिली है.
झारखंड अब 100 प्रतिशत रेलवे विद्युतीकरण वाला राज्य
रेलवे क्षेत्र में हुई प्रगति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड अब 100 प्रतिशत रेलवे विद्युतीकरण वाला राज्य बन चुका है. 2009-14 के दौरान जहां औसतन 457 करोड़ रुपये का आवंटन होता था, वहीं 2024-25 में यह बढ़कर 7,302 करोड़ रुपये हो गया है. राज्य में 57 रेलवे स्टेशनों को अमृत स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है और रांची-पटना, रांची-वाराणसी सहित सात वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है.
सड़क परियोजनाएं झारखंड की आर्थिक तस्वीर बदल रही
उन्होंने बताया कि देवघर और जमशेदपुर में नए हवाई अड्डों की शुरुआत, वाराणसी-रांची-कोलकाता ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, 3,600 किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण और 30,000 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाएं झारखंड की आर्थिक तस्वीर बदल रही हैं.
बजट दीर्घकालिक विकास की दिशा भी देता है
जनजातीय कल्याण पर बल देते हुए सांसद ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, पीएम-जनमन योजना, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और बहु-क्षेत्रीय परियोजनाओं को आदिवासी क्षेत्रों के लिए परिवर्तनकारी बताया. उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 झारखंड को केवल संसाधन ही नहीं, बल्कि अवसर, सम्मान और दीर्घकालिक विकास की दिशा भी देता है.
प्रेस वार्ता में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, आर्थिक प्रकोष्ठ संयोजक जेपी शर्मा और सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक भी उपस्थित थे.