Deoghar Crime News: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बिलासी टाउन स्थित होटल शुभम वाटिका में अपराध की योजना बना रहे तीन युवकों को पुलिस ने रविवार देर रात दबिश देकर गिरफ्तार किया. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में उनके पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है.
पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल में कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं. सूचना की पुष्टि के बाद नगर थाना पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर होटल में छापेमारी की. तलाशी के दौरान एक कमरे से हथियार बरामद होने के बाद तीनों युवकों को मौके से हिरासत में लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेहाल मिश्रा, अंकित झा उर्फ बुशली, दोनों देवघर शहर निवासी, और दिलीप कुमार यादव, खपरोडीह (रिखिया थाना क्षेत्र) निवासी के रूप में हुई है. तीनों के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
होटल जैसे सार्वजनिक स्थान पर हथियार के साथ युवकों की मौजूदगी से स्थानीय लोगों और व्यवसायियों में भय का माहौल बन गया था. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी घटना टल गई, जिससे इलाके में राहत महसूस की जा रही है.