Jamshedpur Breaking: जमशेदपुर में बुधवार को गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती मैदान के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कन्हैया यादव अपने एक मित्र के साथ टहल रहे थे. इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए पहले उनके पैर में और फिर सिर में गोली मार दी. कुल पांच राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
घायल कन्हैया यादव को उनके मित्र ने तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. बताया जा रहा है कि यह घटना पुरानी दुश्मनी से जुड़ी हो सकती है. बताते चलें कि घटना गोलमुरी थाना से महज 10 कदम की दूरी पर घटी.

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सिटी सुधीर चौधरी और गोलमुरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी ने घटना के समय कुछ देखा या संदिग्ध वाहन/व्यक्ति की जानकारी हो तो तुरंत सूचना दें, ताकि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके. घटना के कारण इलाके में तनाव का माहौल है और गोलमुरी थाना पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है.