Ranchi Railway News: साउथ ईस्टर्न रेलवे के रांची रेलवे डिवीज़न ने क्षेत्रीय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो नई शटल ट्रेन सेवाएं शुरू करने की योजना बनाई है. इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर रेलवे मुख्यालय को मंजूरी के लिए भेज दिया गया है. स्वीकृति मिलते ही इन रूटों पर कम किराए में नियमित रेल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी.
शटल ट्रेन रांची से लोहरदगा होते हुए डालटनगंज तक चलाई जाएगी
पहली प्रस्तावित शटल ट्रेन रांची से लोहरदगा होते हुए डालटनगंज तक चलाई जाएगी. योजना के अनुसार यह ट्रेन रात में डालटनगंज से रवाना होगी और रास्ते में पड़ने वाले कई छोटे स्टेशनों पर ठहरते हुए सुबह लगभग छह बजे रांची पहुंचेगी. रेलवे इस मार्ग पर दो फेरे चलाने की तैयारी में है, ताकि रोजाना अप-डाउन करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके.
सेवा के शुरू होने से लातेहार, बरवाडीह और लोहरदगा क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा
इस सेवा के शुरू होने से लातेहार, बरवाडीह और लोहरदगा क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. फिलहाल इन इलाकों के यात्रियों को बस या अन्य साधनों से सफर करना पड़ता है, जिसमें अधिक समय और खर्च लगता है. शटल ट्रेन चालू होने पर यात्रा सस्ती, सुरक्षित और समयबद्ध हो जाएगी. खासकर छात्र, नौकरीपेशा लोग और इलाज के लिए आने-जाने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी.
इसके अलावा रांची से हजारीबाग के बीच मेसरा मार्ग से एक और शटल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है. रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इन नई सेवाओं से छोटे स्टेशनों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा और पूरे इलाके में आवागमन व्यवस्था मजबूत होगी.
मुख्यालय से अनुमति मिलने के बाद समय-सारिणी और किराए की जानकारी आधिकारिक रूप से जारी की जाएगी. यात्रियों को अब फैसले का इंतजार है.