Jamshedpur: शहर में लगातार बढ़ रहे आवारा पशुओं के आतंक को देखते हुए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने सख्त कदम उठाया हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों के घायल होने की घटनाओं के बाद प्रशासन ने सभी आवारा पशुओं को पकड़कर शेल्टर होम भेजने का निर्णय लिया है।
सांडों को बेहोशी का इंजेक्शन देकर भेज गया शेल्टर होम
बता दें कि इससे पहले साकची के स्ट्रेट माइल रोड पर सांडों का आतंक देखने को मिला। वहीं राहगीरों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की टीम ने सांडों को बेहोशी का इंजेक्शन देकर काबू में किया और उन्हें शेल्टर होम भेज दिया। अभियान के दौरान पशु चिकित्सा टीम भी मौजूद रही।
यह अभियान अन्य क्षेत्रों में भी जारी
जिला पदाधिकारी ने बताया कि सांडों के हमले में कई लोग घायल हुए हैं, जिसे गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल साकची तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी लगातार चलाया जा रहा है।
JNAC की आम नागरिकों से अपील
JNAC ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आवारा पशुओं की सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रशासन का कहना है कि शहर को पशु आतंक से मुक्त कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।