Seraikela News: सरायकेला थाना क्षेत्र के गुदरी मार्केट में स्थित एक पूजा सामग्री की दुकान में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया. आग किस वजह से लगी, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है. घटना से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
दुकान में रखा पूरा स्टॉक जल गया
दुकान के मालिक कार्तिक सिंह मोदक ने बताया कि उन्हें आग लगने की सूचना काफी देर से मिली. जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी और सामान को अपनी चपेट में ले चुकी थी. उन्होंने कहा कि देखते ही देखते दुकान में रखा पूरा स्टॉक जल गया.
बताया जा रहा है कि यह दूसरी बार है जब उनकी दुकान में आग लगी है. इससे पहले भी आगजनी की घटना में उन्हें लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा था. बार-बार हो रही इस घटना से दुकान मालिक काफी परेशान हैं.
मशक्कत के बाद आग पर काबू
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को खबर दी गई. सूचना पाते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
दमकल कर्मियों और पुलिस की सतर्कता से आसपास की अन्य दुकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया. यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आग आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी और नुकसान और भी बड़ा हो सकता था.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है.