Adityapur: आदित्यपुर स्थित जयप्रकाश उद्यान में शुक्रवार को फ्लाइंग स्क्वॉड (एफएसटी) की टीम ने औचक निरीक्षण किया। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ प्रत्याशियों द्वारा उद्यान परिसर में साड़ी और कंबल का वितरण किया जा रहा है।
टीम तुरंत मौके पर पहुंची
सूचना के आधार पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां मौजूद लोगों से भी पूछताछ की गई, लेकिन किसी भी प्रत्याशी या उनके समर्थकों द्वारा साड़ी या कंबल बांटने की पुष्टि नहीं हुई। टीम को स्थल पर इस तरह की कोई गतिविधि नहीं मिली।
निरीक्षण के समय मजिस्ट्रेट के रूप में मनोज गुप्ता और मोतीलाल किस्कू मौजूद रहे। उनके साथ पुलिस बल भी तैनात था, ताकि जांच प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से पूरी की जा सके।
फ्लाइंग स्क्वॉड ने रिपोर्ट सौंपी चुनाव आयोग को
जांच पूरी होने के बाद फ्लाइंग स्क्वॉड ने अपनी रिपोर्ट चुनाव आयोग को सौंप दी है। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के निरीक्षण का उद्देश्य चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना और किसी भी संभावित अनियमितता पर नजर रखना है।
प्रशासन का कहना है कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए इस तरह की निगरानी आगे भी जारी रहेगी।