Chaibasa News: सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान के दौरान शनिवार को आईईडी विस्फोट की घटना सामने आई. इस धमाके में सुरक्षाबलों का एक जवान घायल हो गया. उसे तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया गया. अधिकारियों के मुताबिक घायल जवान की हालत अब खतरे से बाहर है.
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह के समय भी इसी इलाके में एक आईईडी विस्फोट हुआ था. इसके बाद देर शाम जब सुरक्षाबलों की टीम तलाशी अभियान आगे बढ़ा रही थी, तभी रास्ते में पहले से बिछाए गए आईईडी की चपेट में एक जवान आ गया. विस्फोट होते ही इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि बाकी सभी जवान सुरक्षित हैं.
नक्सलियों के खिलाफ यह एक बड़ा संयुक्त अभियान
बताया जा रहा है कि नक्सलियों के खिलाफ यह एक बड़ा संयुक्त अभियान है. हजारों की संख्या में सुरक्षाबलों के जवानों ने पूरे जंगल क्षेत्र को घेर रखा है और लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि बढ़ते दबाव के कारण नक्सली अब अलग-अलग स्थानों पर आईईडी लगाकर सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं.
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चौकसी और बढ़ा दी गई है. बम निरोधक दस्ते की मदद से इलाके की गहन जांच की जा रही है और तलाशी अभियान को और तेज कर दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा, जब तक क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित नहीं कर लिया जाता.