Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-22

Giridih News: नगर निकाय चुनाव 2026, डिस्पैच सेंटर से मतदान दलों की रवानगी

Giridih News: नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को झंडा मैदान स्थित डिस्पैच सेंटर से मतदान कर्मियों को उनके-उनके मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया. सुबह से ही परिसर में गहमागहमी का माहौल रहा और चुनावी तैयारियां पूरी तरह व्यवस्थित नजर आईं.


जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त (नगरपालिका) रामनिवास यादव स्वयं डिस्पैच सेंटर पहुंचे और संपूर्ण व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने सामग्री वितरण काउंटर, वाहन प्रबंधन कक्ष, नियंत्रण कक्ष और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की. अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया कि चुनाव कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.


चरणबद्ध तरीके से बांटी गई चुनाव सामग्री
मतदान दलों को निर्धारित काउंटरों पर मतपत्र, मतपेटियां, मतदाता सूची, सील, जरूरी प्रपत्र और अन्य चुनावी सामग्री क्रमवार उपलब्ध कराई गई. कर्मियों को निर्देश दिया गया कि सामग्री प्राप्त करने के बाद उसकी अच्छी तरह जांच कर लें और किसी भी प्रकार की कमी या त्रुटि पाए जाने पर तुरंत संबंधित अधिकारी को सूचित करें.

सुरक्षा और परिवहन की पुख्ता व्यवस्था
उपायुक्त ने बताया कि निष्पक्ष और स्वतंत्र मतदान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी मतदान दलों को समय पर उनके केंद्रों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था की गई है. साथ ही सुरक्षा बलों की तैनाती और संचार व्यवस्था को भी मजबूत रखा गया है. संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.

मतदान कर्मियों का बढ़ाया हौसला
रामनिवास यादव ने मतदान कर्मियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में उनकी भूमिका अहम है. उन्होंने सभी से निष्पक्षता, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की, ताकि मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें.

निर्धारित समय के अनुसार सभी मतदान दल अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए. पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था अनुशासित और सुव्यवस्थित रही.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !