Seraikela News: पूर्वी सिंहभूम जिले में 23 फरवरी को तीन शहरी निकायों में चुनाव कराया जाएगा. इस दिन मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत के लिए मतदान होगा. चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. जिले में कुल 2,53,617 मतदाता 249 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.
किन-किन पदों के लिए होगा चुनाव
मानगो नगर निगम में महापौर के साथ 36 वार्ड पार्षदों का चुनाव कराया जाएगा. जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के अलावा 22 वार्डों के लिए मतदान होगा. वहीं, चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष और 12 वार्ड सदस्यों के लिए वोट डाले जाएंगे.
आरक्षण की स्थिति
मानगो नगर निगम के महापौर और जुगसलाई नगर परिषद के अध्यक्ष का पद सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित किया गया है. जबकि चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) महिला के लिए सुरक्षित है.
कितने मतदाता और कितने प्रत्याशी
मानगो नगर निगम में सबसे अधिक 1,96,791 मतदाता हैं. यहां महापौर पद के लिए 13 उम्मीदवार मैदान में हैं.
जुगसलाई नगर परिषद में कुल 44,239 मतदाता हैं और अध्यक्ष पद के लिए 7 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं.
चाकुलिया नगर पंचायत में 12,587 मतदाता हैं। यहां अध्यक्ष पद के लिए 4 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.
प्रशासन की तैयारियां पूरी
चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है. मतदान कर्मियों की नियुक्ति कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया है. प्रशासन का कहना है कि सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.