Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-22

Seraikela News: सरायकेला में मतदान दलों की रवानगी, कल होगा मतदान

Seraikela News: नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के तहत मतदान कार्य संपन्न कराने के लिए प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों को रविवार को सरायकेला स्थित काशी साहू महाविद्यालय के डिस्पैच सेंटर से विधिवत रवाना किया गया. इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने संयुक्त रूप से डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.

अधिकारियों ने मतदान सामग्रियों की उपलब्धता, सीलबंदी प्रक्रिया, अभिलेख संधारण, सुरक्षा व्यवस्था तथा परिवहन प्रबंधन की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सभी मतदान दल अपने-अपने क्लस्टर में समय पर पहुंचें और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें.

जानकारी के अनुसार सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के लिए रिजर्व सहित 16 मतदान दलों को रवाना किया गया. कपाली नगर परिषद क्षेत्र के लिए रिजर्व सहित 39 मतदान दलों तथा आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के लिए रिजर्व सहित 170 मतदान दलों को संबंधित क्लस्टरों में भेजा गया.

सरायकेला नगर पंचायत अंतर्गत 13 मतदान केंद्र, कपाली नगर परिषद अंतर्गत 31 मतदान केंद्र और आदित्यपुर नगर निगम अंतर्गत 136 मतदान केंद्रों के लिए कर्मियों की तैनाती की गई है. जिन मतदान केंद्रों पर 1000 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, वहां अतिरिक्त मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई है. साथ ही रिजर्व मतदान कर्मियों को संबंधित प्रखंडों में रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित प्रतिस्थापन किया जा सके.

पर्दानशीन बूथों के रूप में सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में 3, कपाली नगर परिषद क्षेत्र में 31 तथा आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में 5 मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं. प्रत्येक ऐसे बूथ पर एक महिला कर्मी की तैनाती की गई है, ताकि महिला मतदाताओं को सुविधा मिल सके.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने मतदान कर्मियों से संवाद कर उन्हें स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक वातावरण में शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सभी कर्मी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सतर्कता बरतें.

मतदान 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा. मतदान के बाद सभी मतपेटियों को सीलबंद कर सुरक्षित रूप से वज्रगृह में रखा जाएगा. मतगणना 27 फरवरी 2026 को काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला में संपन्न होगी.

इस मौके पर उप विकास आयुक्त रीना हसदा, निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जैवर्धन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत विभिन्न कोषांगों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की. उपायुक्त ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !