Saraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रघुनाथपुर काली मंदिर के पास हुई इस दुर्घटना में एक ट्रक (AP 39VE 5435) ने सामने चल रहे ट्रेलर (NL 01K 3479) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पर रखा कंटेनर सड़क के बीचों-बीच गिर पड़ा। वहीं ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराया। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन को बीच सड़क पर छोड़कर फरार हो गया।
ट्रक में खाली गैस सिलेंडर लदे हुए थे। हालांकि राहत की बात यह रही कि सिलेंडरों से कोई रिसाव या विस्फोट की घटना नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
आवागमन ठप, लगी लंबी वाहनों की कतार
दुर्घटना के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह के समय दफ्तर और काम पर जाने वाले लोगों को खासा दिक्कत झेलनी पड़ी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही जिम्मेदार चालक को पकड़ लिया जाएगा।