Potka: पोटका थाना क्षेत्र के हाता–चाईबासा मुख्य मार्ग पर सोमवार तड़के एक सड़क हादसा हो गया। जुड़ी पंचायत के तिरिंग गांव के पास खड़े एक ट्रक से स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी चला रहे पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, राजनगर थाना क्षेत्र के जोधतान्ड निवासी डॉ. आनंद महतो सोमवार सुबह करीब चार बजे अपने बेटे को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। उनका बेटा चेन्नई में पढ़ाई करता है और छुट्टियों के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान तिरिंग गांव के समीप सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से उनकी स्कूटी अचानक टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉ. महतो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल बेटे को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर पहुंचाया।
पुलिस जांच में जुटी, परिवार में मचा कोहराम
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है। एक पिता अपने बेटे को सुरक्षित भविष्य की ओर रवाना करने निकले थे, लेकिन रास्ते में ही जिंदगी ने दर्दनाक मोड़ ले लिया।