नेतन्याहू के पोस्ट पर पीएम मोदी का जवाब
इस यात्रा की सुगबुगाहट तब और तेज हो गई जब इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पीएम मोदी को अपना "प्रिय मित्र" बताते हुए इस दौरे को ऐतिहासिक करार दिया। इसके जवाब में पीएम मोदी ने लिखा धन्यवाद मेरे मित्र, प्रधानमंत्री नेतन्याहू। भारत इस्राइल के साथ अपनी स्थायी दोस्ती को गहराई से महत्व देता है, जो विश्वास और नवाचार पर आधारित है।
यात्रा के मुख्य आकर्षण
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा रणनीतिक और कूटनीतिक लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके कार्यक्रम के मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं, पीएम मोदी इस्राइली संसद नेसेट को संबोधित करेंगे, जो दोनों देशों के बीच प्रगाढ़ होते लोकतांत्रिक संबंधों का प्रतीक है। यात्रा के दौरान वह प्रधानमंत्री नेतन्याहू और राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
उम्मीद है कि इस दौरान AI कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण समझौतों पर मुहर लगेगी। पीएम मोदी याद वाशेम होलोकॉस्ट मेमोरियल जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि भी देंगे।
रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई
विशेषज्ञों का मानना है कि यह यात्रा न केवल रक्षा और तकनीक, बल्कि मध्य पूर्व में शांति और स्थिरता के लिए भी महत्वपूर्ण है। 2017 में पीएम मोदी की पहली यात्रा ने डी-हाइफनेशननीति के तहत भारत-इस्राइल संबंधों को नई दिशा दी थी, और अब नौ साल बाद यह दौरा इस "विशेष गठबंधन" को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।