Mango Municipal Election: जमशेदपुर के मानगो नगर निगम चुनाव के दौरान सोमवार को मतदान प्रक्रिया के बीच कई जगहों से हंगामे की खबरें सामने आई हैं. मून सिटी, पोस्ट ऑफिस रोड स्थित ओड़िया स्कूल और मानगो गुरुद्वारा के पास बने मतदान केंद्रों पर बोगस (फर्जी) वोटिंग की शिकायतों ने चुनावी माहौल को तनावपूर्ण बना दिया. स्थिति तब बिगड़ी जब विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थकों ने एक-दूसरे पर फर्जी मतदाता लाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी.
आमने-सामने आए समर्थक, पुलिस ने संभाला मोर्चा
विवाद की शुरुआत तब हुई जब कुछ मतदाताओं ने शिकायत की कि उनके पहुंचने से पहले ही उनके नाम पर वोट डाला जा चुका है. इसके बाद ओड़िया स्कूल और मून सिटी के बूथों पर अलग-अलग पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. मानगो गुरुद्वारा स्थित बूथ पर भी पक्षों ने एक-दूसरे पर मतदाताओं को डराने-धमकाने और गलत तरीके से वोट डलवाने के आरोप लगाए. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला और प्रदर्शन कर रहे समर्थकों को बूथ परिसर से बाहर खदेड़ा. इसके साथ ही राजस्थान भवन से भी फर्जी वोटिंग शिकायतें सामने आई, जिसके बाद प्रशासन की तत्परता से मामला शांत हुआ.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नगर निगम चुनाव के इस महत्वपूर्ण चरण में बोगस वोटिंग के आरोपों ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और पहचान पत्रों की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कई उम्मीदवारों ने मांग की है कि इन केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और फर्जी वोटिंग करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए. फिलहाल, एहतियात के तौर पर मानगो के इन संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.