Jamshedpur: जमशेदपुर शहर के कदमा थाना क्षेत्र में स्थित रामनगर रोड नंबर 6 के एक शिव मंदिर में हुई दान पेटी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके पास से कुल 11,976 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार युवक की पहचान लक्ष्मण जोगी उर्फ बप्पी जोगी के रूप में हुई है, जो कदमा रोड नंबर 6 का ही रहने वाला बताया जा रहा है। कदमा थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा ने सोमवार को प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि 22 फरवरी को मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली गई थी।
सीसीटीवी ने खोला राज
घटना के बाद पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां कैमरे में कैद मिली। पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान लक्ष्मण जोगी को घर में ही नकदी गिनते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने मंदिर की दान पेटी तोड़कर पैसे चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
नशे की लत बनी अपराध की वजह
पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और अपनी लत को पूरा करने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि वह पहले भी अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है।