क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, चास के वार्ड संख्या 32 स्थित एक बूथ पर हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। वहां स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान वार्ड पार्षद के पति रमाशंकर सिंह पुलिस अधिकारियों से उलझ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पार्षद पति और उनके समर्थकों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और झड़प शुरू कर दी।
SDPO को आई गंभीर चोट
इस हिंसक झड़प में ड्यूटी पर तैनात SDPO प्रवीण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों के अनुसार, उनके चेहरे पर चोट आई है और नाक से काफी खून बहा है। घटना के तुरंत बाद उन्हें नजदीक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है, मुख्य आरोपी पार्षद पति रमाशंकर सिंह को पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया है और उन्हें चास थाना ले जाया गया है। मौके पर मौजूद सीसीटीवी और वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सरकारी कार्य में बाधा डालने व पुलिस अधिकारी पर हमला करने के आरोप में कड़ी कार्रवाई की तैयारी है। लोकतंत्र के पर्व में हिंसा की कोई जगह नहीं है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।