Jharkhand: झारखंड के चतरा में हुए दर्दनाक एयर एम्बुलेंस हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एयर एम्बुलेंस के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिलते ही प्रशासनिक तंत्र हरकत में आ गया। इस भीषण हादसे में बहादुर पायलटों सहित कुल सात लोगों की जान चली गई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह खबर सुनकर वे बेहद आहत और स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दुख की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
पूरी रात सक्रिय रही सरकार और प्रशासन
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और राज्य सरकार ने राहत एवं समन्वय कार्यों को तेज कर दिया। पूरी रात अधिकारी हालात पर नजर बनाए रहे और हर जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना
मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति देने की कामना की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।