Adityapur: आदित्यपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। सुधा डेयरी के समीप करीब 7 बजे एक ट्रेलर (संख्या MH46BU4483) से लदा भारी स्टील कॉइल अचानक सड़क पर आ गिरा। कॉइल के गिरते ही आदित्यपुर–जमशेदपुर मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर जैसे ही मुख्य मार्ग से गुजर रहा था, तभी अचानक तेज आवाज के साथ स्टील कॉइल सड़क के बीचों-बीच गिर पड़ा। उस समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही जारी थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
सड़क के बीच फंसा रहा भारी कॉइल
स्टील कॉइल का वजन काफी अधिक होने के कारण उसे हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बीच सड़क पर पड़े कॉइल की वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। कई छोटे वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा, जबकि भारी वाहन घंटों जाम में फंसे रहे।
चालक ने बताई वजह
ट्रेलर चालक ने बताया कि स्टील कॉइल को बांधने वाला सीकर (पट्टा) ढीला हो गया था, जिसके कारण संतुलन बिगड़ गया और कॉइल सड़क पर गिर गया।
बाल-बाल बचे लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर उस समय पास में कोई वाहन या राहगीर होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि प्रशासन की तत्परता और स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया।