Seraikela News: नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद और सरायकेला नगर पंचायत के अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं तथा मतगणना अभिकर्ताओं के लिए एन.आर. स्कूल, सरायकेला में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई.
कार्यशाला में प्रतिभागियों को मतगणना की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई. उन्हें पेपर सील के सही उपयोग और सीलिंग प्रक्रिया की जानकारी दी गई. साथ ही मतपत्र लेखा प्रपत्र- 17 और पेपर सील लेखा प्रपत्र- 18 के विधिवत संधारण के बारे में विस्तार से बताया गया. यह भी स्पष्ट किया गया कि किन स्थितियों में मतपत्र वैध माने जाएंगे और किन परिस्थितियों में उन्हें अवैध घोषित किया जाएगा.
प्रशिक्षण के दौरान मतगणना केंद्र के ले-आउट, टेबल की व्यवस्था, अभ्यर्थियों और उनके अभिकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था तथा प्रवेश से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी गई.
मतगणना दिवस पर लागू आदर्श आचार संहिता और अन्य वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया. प्रतिभागियों को निर्देश दिया गया कि वे सभी नियमों का अक्षरशः पालन करें और मतगणना प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें.
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों और अभिकर्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर आवश्यक पहचान पत्र के साथ मतगणना केंद्र में उपस्थित होना सुनिश्चित करें.