Giridih Crime News: गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में बुधवार की रात अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. वारदात उस समय हुई जब पूर्णानगर निवासी नंदकिशोर माली अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था. जंगल के एकांत का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए.
जंगल के पास पीछे से किया हमला
जानकारी के अनुसार, नंदकिशोर माली एक सीमेंट दुकान में कार्यरत है. बुधवार रात जब वह करमाटांड़ और बरमसिया के बीच स्थित जंगली रास्ते से गुजर रहा था, तभी पीछे से आए बाइक सवार अपराधियों ने उसे निशाना बनाया. अपराधियों ने युवक की कमर में गोली मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर ही गिर पड़ा. गोली की आवाज और युवक की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे.
बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल नंदकिशोर को बिरनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, कमर में गोली फंसी होने के कारण रक्तस्राव अधिक हुआ और स्थिति चिंताजनक बनी रही, जिसके बाद उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए धनबाद स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया है.
पुलिस जांच में जुटी
इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई है. पुलिस की एक टीम घटनास्थल का मुआयना करने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. फिलहाल हमले के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस आपसी रंजिश और लूटपाट जैसे विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रही है.