Ramgarh: रामगढ़–पतरातु मुख्य मार्ग पर बुधवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बरकाकाना स्थित मुंडा ढाबा के समीप फोर लेन नोज के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार (संख्या JH02 BS 5512) भुरकुंडा की ओर से रामगढ़ जा रही थी। उसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक बरकाकाना से घुटूवा की ओर जा रहे थे। मुंडा ढाबा के पास अचानक कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।
मृतक और घायल की पहचान
मृतक की पहचान मोजाहिद अंसारी उर्फ छोटे के रूप में हुई है, जो तेलियातू बस्ती का निवासी बताया जा रहा है। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक इदुल अंसारी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुंडा ढाबा के पास रामगढ़–पतरातु मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही भवानी नगर ओपी प्रभारी अख्तर अली और बरकाकाना के एएसआई शाहनवाज खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत करने और जाम हटाने का प्रयास किया।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।