Ranchi: रांची पुलिस को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुंदाग ओपी क्षेत्र के भागलपुर लवातू टोला में छापेमारी कर पुलिस ने एक व्यक्ति को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है।
सिटी एसपी पारस राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कृष्ण कुमार महतो नामक व्यक्ति अपने घर से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर हटिया के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
घर से मिली नशीले पदार्थ की खेप
टीम ने भागलपुर लवातू न्यू पुंदाग स्थित आरोपी के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस ने 253 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन 27.24 ग्राम बताया जा रहा है, बरामद किया। इसके अलावा मौके से मोटोरोला कंपनी का एक स्मार्टफोन, 4600 रुपये नकद और एक सफेद रंग की डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन भी जब्त की गई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो जब्त नशीले पदार्थ की सप्लाई चेन की जांच करेगी और इसमें शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास करेगी।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी दल में हटिया के पुलिस उपाधीक्षक प्रमोद कुमार मिश्रा, पुंदाग ओपी प्रभारी संजीव कुमार, पुअनि बुलेट गोराई, निर्मल कुमार महतो समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
रांची पुलिस ने साफ किया है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।