Jharkhand Budget Session: विधानसभा बजट सत्र के आठवें दिन सदन में विधायकों और मंत्रियों के नए आवासों में फर्नीचर की कमी का मामला चर्चा का विषय बना. विधायक सुरेश पासवान ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि विधानसभा के सामने बने नए आवास तो बेहद शानदार हैं और सभी को मिल भी गए हैं, लेकिन फर्नीचर के अभाव में मंत्रियों और विधायकों को फिलहाल चौकी और बेंच पर सोने को मजबूर होना पड़ रहा है.
3 लाख के बदले 10 लाख रुपये देने की मांग
सुरेश पासवान ने वर्तमान में फर्नीचर के लिए आवंटित 3 लाख रुपये की राशि पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने कम बजट में हाईटेक आवासों का सुसज्जीकरण संभव नहीं है. उन्होंने मांग रखी कि फर्नीचर के लिए आवंटित राशि को बढ़ाकर कम से कम 10 लाख रुपये किया जाना चाहिए. इस मांग पर सदन में उपस्थित अन्य मंत्रियों और विधायकों ने भी अपनी सहमति जताई.
वित्त मंत्री को विचार करने का निर्देश
सदन में इस मांग पर हो रही चर्चा के बाद विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) ने हस्तक्षेप किया. उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि इस वित्तीय मांग पर राज्य के वित्त मंत्री विचार करेंगे. अब यह देखना होगा कि आगामी दिनों में विधायकों की इस “हाईटेक फर्नीचर” की मांग पर सरकार क्या निर्णय लेती है.