Simdega News: सिमडेगा जिले के सदर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) बैजू उरांव ने जानकारी दी कि इस संबंध में 22 फरवरी को सदर थाने में हर्ष कुमार वर्णवाल नामक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया और जांच की दिशा तय की.
आईटी सेल और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
अपहृत नाबालिग की तलाश में सिमडेगा पुलिस के आईटी सेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी नाबालिग को लेकर उत्तर प्रदेश भाग गया है. इसके बाद सिमडेगा पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क साधा और झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी हर्ष कुमार वर्णवाल को दबोच लिया. पुलिस ने वहां से नाबालिग लड़की को भी सकुशल बरामद कर लिया.
आरोपी को भेजा गया जेल और जांच जारी
झांसी से ट्रांजिट रिमांड पर सिमडेगा लाए जाने के बाद आरोपी युवक से पूछताछ की गई. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई और स्वास्थ्य जांच पूरी करते हुए पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिग का मेडिकल परीक्षण और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है ताकि मामले में कानूनी पक्ष को और मजबूत किया जा सके.