Jharkhand: झारखंड के मौसम में उतार-चढ़ाव का खेल जारी है। जिस राज्य में दो दिन पहले लोग पंखे चलाने को मजबूर थे और ठंड की विदाई मान चुके थे, वहां एक बार फिर सिहरन लौट आई है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण राज्य के अधिकांश जिलों में रात के समय ठंड का असर बढ़ गया है। आलम यह है कि जो लोग कंबल और रजाई पैक कर चुके थे, वे अब दोबारा उन्हें ओढ़कर सोने को मजबूर हैं।
तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। जमशेदपुर और धनबाद जैसे शहरों में पारा तेजी से नीचे गिरा है। लोहरदगा राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पिछले दिनों यह 14-15 डिग्री के आसपास बना हुआ था।
प्रमुख शहरों का संभावित तापमान
मौसम विभाग ने आने वाले घंटों के लिए कुछ प्रमुख शहरों का पूर्वानुमान जारी किया है, जमशेदपुर 33°C 19°C, धनबाद 33°C 18°C, रांची, 29°C, 18°C, देवघर, 32°C, 19°C, मेदिनीनगर, 32°C, 18°C
दिन में गर्मी, रात में ठंड, सेहत का रखें ख्याल
एक तरफ जहाँ रात में कनकनी बढ़ी है, वहीं देवघर, पाकुड़ और पश्चिमी सिंहभूम जैसे जिलों में दिन का तापमान 17-18 डिग्री न्यूनतम और अधिकतम 33 डिग्री तक जाने की संभावना है। दिन की तेज धूप और रात की ठंड का यह मेल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। मौसम में हो रहे इस बदलाव के कारण शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। खूब पानी पीएं और अचानक गरम-ठंडे के संपर्क में आने से बचें, अन्यथा वायरल बुखार और डिहाइड्रेशन आपको परेशान कर सकता है।