Ranchi News: रांची के सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई है. मेल में दावा किया गया है कि इस बार आरडीएक्स का इस्तेमाल कर बड़ा विस्फोट किया जाएगा. धमकी भरा संदेश मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया.
सूचना मिलते ही रांची पुलिस की टीम तुरंत सक्रिय हो गई. जिस ई-मेल आईडी से धमकी भेजी गई है, उसकी जांच शुरू कर दी गई है. साइबर सेल भी मामले की पड़ताल में जुट गई है ताकि भेजने वाले का पता लगाया जा सके.
पुलिस जांच शुरू
इधर, सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तुरंत सिविल कोर्ट परिसर पहुंचा और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई. कोर्ट परिसर में हर कोने की बारीकी से तलाशी ली जा रही है. डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया है. कोर्ट परिसर को एहतियातन पुलिस छावनी में बदल दिया गया है.
एहतियाती कदम के तौर पर समाहरणालय की ओर स्थित मुख्य प्रवेश द्वार को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया. वहीं फोर्टिज कोर्ट और रांची जिला बार भवन की ओर आने-जाने वाले रास्तों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. कोर्ट में आने वाले लोगों की सख्ती से जांच की जा रही है.
पहले भी सिविल कोर्ट को उडाने की धमकी
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी 6 फरवरी को सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. उस समय भी सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया था, हालांकि कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.