Delhi: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय सीमांचल दौरा शुक्रवार को समाप्त हो गया। दौरे के अंतिम दिन उन्होंने पूर्णिया के होटल मेफेयर में सीमावर्ती जिलों से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की और इसके बाद दिल्ली लौट गए।
रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर दिया
तीन दिनों तक चली मैराथन बैठकों में सीमा सुरक्षा, बुनियादी ढांचे के विकास और समग्र रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में आधुनिक निगरानी प्रणाली को मजबूत करने, सशस्त्र बलों की क्षमताओं को उन्नत बनाने तथा सीमावर्ती जिलों में मजबूत खुफिया नेटवर्क विकसित करने पर चर्चा हुई, ताकि स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाया जा सके।
बैठक में केंद्रीय गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सीमा सुरक्षा बल (BSF), आईबी और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों सहित पूर्णिया और कोसी प्रमंडल के सात जिलों के डीएम और एसपी शामिल हुए।
चिंताओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया
बैठक में घुसपैठ को लेकर केंद्र सरकार की चिंताओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया। कुछ मुद्दों पर तत्काल कार्ययोजना बनाने और कुछ पर दीर्घकालिक रणनीति तैयार करने पर सहमति बनी। सरकार ने सीमांचल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों को और सुदृढ़ करने का संकल्प दोहराया।