Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में आज उद्योग और निवेश के क्षेत्र में एक अहम घटनाक्रम होने जा रहा है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में देश के प्रतिष्ठित कारोबारी समूह टाटा के शीर्ष अधिकारियों के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता करेंगे.
इस मौके पर टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस के चेयरमैन नेताराजन चन्द्रशेखरण और टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टी वी नरेन्द्रन विशेष रूप से मौजूद रहेंगे. इस उच्चस्तरीय बैठक को लेकर राज्य के राजनीतिक और औद्योगिक हलकों में काफी उत्सुकता देखी जा रही है.
झारखंड में नए औद्योगिक प्रोजेक्ट्स और बड़े निवेश से जुड़ी घोषणाएं
सूत्रों के अनुसार, इस प्रेस वार्ता के दौरान झारखंड में नए औद्योगिक प्रोजेक्ट्स और बड़े निवेश से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं की जा सकती हैं. माना जा रहा है कि टाटा समूह राज्य में अपने विस्तार की नई योजनाओं का खुलासा कर सकता है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार राज्य में औद्योगिक विकास, निवेश आकर्षित करने और युवाओं के लिए रोजगार सृजन को प्राथमिकता देते रहे हैं. ऐसे में टाटा संस के चेयरमैन का रांची दौरा और मुख्यमंत्री के साथ उनकी बैठक को राज्य के आर्थिक विकास की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है.
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि इस अहम बैठक से झारखंड को क्या नई सौगात मिलती है और राज्य के औद्योगिक परिदृश्य में किस तरह के बदलाव देखने को मिलते हैं.