Jamshedpur Founders Day: लौह नगरी जमशेदपुर अपने 187वें संस्थापक दिवस के उल्लास में डूबी हुई है. इस खास मौके पर शहर के जुबली पार्क में एक ऐसी कलाकृति स्थापित की गई है, जो आकर्षण का केंद्र बन गई है. जमशेदपुर के प्रतिभाशाली कलाकार विवेक मिश्रा ने देश के अनमोल रत्न और उद्योग जगत के महानायक स्वर्गीय रतन टाटा की एक विशाल पोर्ट्रेट तैयार की है. खास बात यह है कि इस सजीव चित्र को करीब 1,00,000 (एक लाख) आर्टिफिशियल फूलों से बनाया गया है.
चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने करेंगे अनावरण
टाटा स्टील द्वारा इस कलाकृति को जुबली पार्क में स्थायी रूप से स्थापित किया गया है. आज शाम, यानी 2 मार्च को टाटा समूह के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन ने इस भव्य पोर्ट्रेट का विधिवत अनावरण करेंगे. 22 फीट लंबी और 18 फीट चौड़ी यह पोर्ट्रेट न केवल कला का उत्कृष्ट नमूना है, बल्कि रतन टाटा के प्रति शहरवासियों की अगाध श्रद्धा और प्रेम का प्रतीक भी है. 3 मार्च को संस्थापक दिवस के मुख्य समारोह के दौरान आम जनता भी इसका दीदार कर सकेगी.
15 दिनों का कठिन परिश्रम और 20 घंटे की ड्यूटी
इस अद्भुत पोर्ट्रेट को तैयार करने के पीछे कलाकार विवेक मिश्रा का अटूट समर्पण छिपा है. विवेक ने बताया कि इसे पूरा करने में उन्हें लगातार 15 दिनों का समय लगा. इस दौरान वे प्रतिदिन 18 से 20 घंटे काम करते थे. एक लाख फूलों को सही क्रम में सजाना, रंगों का सटीक तालमेल बिठाना और रतन टाटा के चेहरे के सौम्य भावों को फूलों के जरिए जीवंत करना एक बड़ी चुनौती थी. विवेक इससे पहले भी प्रेमानंद जी महाराज और मां दुर्गा की भव्य तस्वीरें बना चुके हैं, लेकिन रतन टाटा की यह पोर्ट्रेट उनके दिल के सबसे करीब है.
संस्थापक दिवस का मुख्य आकर्षण बना जुबली पार्क
टाटा स्टील और जमशेदपुर के लिए 3 मार्च का दिन गौरवशाली इतिहास और भावनाओं का संगम होता है. विवेक मिश्रा की यह कलाकृति इस साल के जश्न को और भी खास बना रही है.