Ranchi News: होली के त्योहार पर अपने घर जाने की चाहत रखने वाले यात्रियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. सोमवार को रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड और रांची रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा. विशेषकर बिहार जाने वाली ट्रेनों और बसों में पैर रखने तक की जगह नहीं है. भीड़ का फायदा उठाकर दलाल और निजी बस संचालक यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं और मनमाना किराया वसूल रहे हैं.
स्लीपर सीट के लिए 1800 रुपए तक की मांग
यात्रियों ने आरोप लगाया है कि ट्रेनों और बसों में सीटों की भारी किल्लत है. दलालों का जाल इतना सक्रिय है कि जो स्लीपर सीट पहले 200 रूपए अतिरिक्त लेकर मिल जाती थी, उसके लिए अब 1800 रूपए तक वसूले जा रहे हैं. यहां तक कि ट्रेन की अपर बर्थ के लिए भी 1100 रूपए की मांग की जा रही है. यही हाल खादगढ़ा बस स्टैंड का है, जहां निजी बस संचालक त्योहार के नाम पर दोगुना किराया वसूल रहे हैं, जिससे आम आदमी की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है.
अतिरिक्त फेरों की मांग और प्रशासन से गुहार
भीड़ के कारण स्टेशन के प्लेटफॉर्म और बस स्टैंड के वेटिंग एरिया में तिल धरने की जगह नहीं बची है. यात्रियों का कहना है कि कंफर्म टिकट न होने के कारण वे जनरल कोच में जानवरों की तरह सफर करने को मजबूर हैं. परेशान यात्रियों ने जिला प्रशासन और रेलवे से मांग की है कि भीड़ को देखते हुए तत्काल स्पेशल ट्रेनों और अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया जाए, ताकि लोग सुरक्षित और सही किराए में अपने परिवार के साथ होली मना सकें.