Jamshedpur News: होली पर्व को देखते हुए जिले में अवैध शराब की बिक्री और जमाखोरी के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है. इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विदेशी शराब बनाने वाली एक फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है.
सहायक आयुक्त उत्पाद के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने गुप्त सूचना के आधार पर 2 मार्च को एमजीएम थाना क्षेत्र में अवध डेंटल कॉलेज के पास स्थित एक ऊंची चारदीवारी से घिरे मकान में छापा मारा. यह मकान राजेश कुमार शर्मा का बताया जा रहा है. जांच के दौरान परिसर के अंदर अवैध तरीके से विदेशी शराब तैयार करने और उसे बोतलों में भरने का काम चल रहा था.
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में अवैध पदार्थ बरामद
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में स्पिरिट, रंगीन तैयार तरल शराब, अलग-अलग नामी ब्रांड की खाली बोतलें, ढक्कन, कॉर्क, बोतल सील करने की सामग्री, विभिन्न ब्रांडों के नकली लेबल और चिपकाने वाले पदार्थ बरामद किए. इसके अलावा शराब को रंग और स्वाद देने में इस्तेमाल होने वाला कैरामेल भी पाया गया.
प्लास्टिक के बड़े ड्रमों में तैयार रंगीन विदेशी शराब भी जब्त की गई. साथ ही लगभग 80 पेटियों में भरी बोतलबंद शराब बरामद हुई, जिन पर रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज और रॉयल गोल्ड कप जैसे ब्रांड के नाम अंकित थे. प्रारंभिक जांच में सभी बोतलें नकली होने की आशंका जताई गई है.
जब्त की गई कुल विदेशी शराब की मात्रा का आकलन किया जा रहा है. उत्पाद विभाग ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रशासन ने साफ किया है कि त्योहार के दौरान अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.