Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-03

Chaibasa News: चाईबासा में खूनी संघर्ष, अवैध शराब माफिया का उत्पाद विभाग की टीम पर जानलेवा हमला, एएसआई गंभीर रूप से घायल

Chaibasa News: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर ग्रामीणों और शराब माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया. इस हिंसक झड़प में सहायक अवर निरीक्षक (ASI) मंटू अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आरगुंडी गांव की है, जहां  गुप्त सूचना के आधार पर विभाग की 8 से 10 सदस्यीय टीम दबिश देने पहुंची थी. हमले की अचानक हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है.

दावली से हमला और तीर-धनुष लेकर दौड़े ग्रामीण
घटनाक्रम के अनुसार, उत्पाद विभाग को चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग के समीप स्थित आरगुंडी गांव में अवैध शराब निर्माण की सूचना मिली थी. जैसे ही टीम एक संदिग्ध घर में दाखिल हुई, वहां मौजूद शराब कारोबारी ने अचानक धारदार हथियार “दावली” से एएसआई मंटू अग्रवाल पर हमला कर दिया. वार इतना जोरदार था कि उनके गर्दन और पीठ पर गहरे जख्म आए हैं. आरोपी ने अन्य जवानों पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वे किसी तरह जान बचाकर घर से बाहर निकले. इसके बाद स्थिति तब और बिगड़ गई जब ग्रामीणों ने शोर मचाकर तीर-धनुष और पारंपरिक हथियारों के साथ पूरी टीम को गांव से खदेड़ दिया.

अस्पताल में भर्ती और विभागीय तत्परता
घायल मंटू अग्रवाल को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही उत्पाद आयुक्त निरंजन तिवारी अस्पताल पहुंचे और घायल अधिकारी का हाल-चाल जाना. उन्होंने प्रशासन की ओर से बेहतर इलाज और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है. मौके पर मौजूद अवर निरीक्षक रामचंद्र ठाकुर ने बताया कि टीम पूरी तैयारी के साथ गई थी, लेकिन घर के भीतर से हुए अचानक हमले और फिर ग्रामीणों की आक्रामकता के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा.

पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी की खबर
उत्पाद विभाग की टीम पर हमले की खबर मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार दलबल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए. ताजा जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमला करने वाले मुख्य आरोपी को हथियार के साथ हिरासत में ले लिया है. हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस की गश्त तेज कर दी गई है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !