Jamshedpur: शहर में ट्रैफिक पुलिस सिर्फ वाहनों की जांच और नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध कारोबार पर भी नजर रखे हुए है। मंगलवार दोपहर जुगसलाई थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक गोलचक्कर पर ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता से बड़ी मात्रा में अवैध देसी शराब पकड़ी गई।
रुकने का इशारा मिलते ही भागने लगा चालक
जानकारी के मुताबिक, रेलवे स्टेशन की दिशा से आ रही एक स्कूटी को पुलिस ने नियमित जांच के तहत रुकने का संकेत दिया। लेकिन चालक अचानक स्कूटी मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। मौके पर मौजूद असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर शमशाद आलम ने फुर्ती दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।
जांच में निकली शराब की खेप
स्कूटी की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई करीब 70 से 80 लीटर अवैध देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत चालक को हिरासत में ले लिया और शराब जब्त कर ली।
आगे की कार्रवाई के लिए थाना को सौंपा गया मामला
ट्रैफिक थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान अवैध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। पकड़े गए आरोपी और जब्त शराब को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जुगसलाई थाना को सौंप दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि शहर में ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।