Jamtara: जामताड़ा पुलिस ने जिले में हुई चर्चित धरमपुर गोलीकांड का खुलासा कर दिया है। इस मामले की जानकारी देते हुए एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि 22 फरवरी को नारायणपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर मोड़ पर फुरकान अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया।
जांच के दौरान पुलिस ने इस घटना में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से तीन देसी पिस्टल, तीन मोटरसाइकिल और दस मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड जामताड़ा के अलावा दुमका, गिरिडीह और देवघर जिलों तक फैला हुआ है।
करमाटांड़ सीएसपी लूटकांड का भी हुआ खुलासा
पुलिस ने करमाटांड़ में हुए सीएसपी लूटकांड का भी पर्दाफाश कर दिया है। एसपी ने बताया कि 8 जनवरी को पिपरासोल गांव में एक सीएसपी संचालक से करीब 20 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया गया था। जब संचालक ने विरोध किया तो अपराधियों ने गोली चला दी थी।
इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आशिफ अंसारी उर्फ लम्बु और अजमुल अंसारी उर्फ बलमा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल, बाइक और आरोपी द्वारा पहना गया काला जैकेट भी बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि यह मामला धरमपुर गोलीकांड में पकड़े गए गिरोह से जुड़ा हुआ है।
साइबर अपराध गिरोह के सदस्य की गिरफ्तारी
जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध से जुड़े एक गिरोह के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना की टीम ने गोबिंदपुर-साहेबगंज मुख्य मार्ग के पोसई मोड़ बस पड़ाव के पास छापेमारी कर कुख्यात साइबर अपराधी जमरूद्दीन अंसारी के मुख्य सहयोगी फुरकान अंसारी को गिरफ्तार किया। इस मामले में साइबर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, एक एटीएम कार्ड, 43,800 रुपये नकद और एक स्कूटी बरामद की है।
अवैध रकम निकालने का था गिरोह का तरीका
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह निष्क्रिय बैंक खातों में अवैध तरीके से पैसे जमा कराता था और बाद में एटीएम के जरिए रकम निकालकर कमीशन के रूप में हिस्सा लेता था।
अपराध के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि जामताड़ा पुलिस संगठित अपराध और साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इन तीनों मामलों में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि जामताड़ा पुलिस जिले में संगठित अपराध और साइबर ठगी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इन तीनों मामलों में पुलिस को अहम सफलता मिली है, वहीं फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।