Ranchi: ईद के मुकद्दस त्योहार से ठीक पहले सामाजिक संगठन जन आंदोलन मंच झारखंड ने इटकी प्रखंड के लोहारा कोचा महुआ टिकरा क्षेत्र को रोशनी का उपहार दिया है। शुक्रवार, 6 मार्च को संगठन ने अपनी एक ऐतिहासिक और सराहनीय पहल के तहत क्षेत्र में 25 नई हाईमास्ट लाइटें लगाने का कार्य शुरू कराया। संगठन के निजी कोष से किए गए इस कार्य ने न केवल सड़कों को रोशन किया है, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों के चेहरों पर भी मुस्कान ला दी है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी जन आंदोलन मंच झारखंड द्वारा चॉक बाड़ी और सुल्तान नगर क्षेत्र में हाईमास्ट लाइट लगाकर वहां के बाजार और सड़कों को रोशन करने का कार्य किया जा चुका है। संगठन की इस लगातार जनहित पहल से क्षेत्र के लोगों में भरोसा और सम्मान लगातार बढ़ता जा रहा है।
इस कार्यक्रम में मंजूर अंसारी, मजीद आलम, मोहम्मद कलाम, गुलजार अंसारी और तौसीफ अंसारी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने जन आंदोलन मंच के इस जनहित कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन हमेशा आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देता है और जमीनी स्तर पर काम करने के लिए जाना जाता है।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता मुर्तजा आलम की भी विशेष भूमिका की चर्चा हुई। ग्रामीणों ने कहा कि उनके प्रयास और जन आंदोलन मंच की पहल से इलाके में लंबे समय से बनी अंधेरे और बिजली की समस्या को काफी हद तक दूर किया गया है, जिससे बाजार के दुकानदारों और राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी।
अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं
इस मौके पर ग्रामीणों ने एक और गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराया। बताया गया कि पिछले चार वर्षों से गांव के दो जलमीनार खराब पड़े हुए हैं, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, जिला परिषद, पंचायत सचिव और बीडीओ की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
इस पर जन आंदोलन मंच झारखंड के अध्यक्ष ने प्रशासन को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो जन आंदोलन मंच ग्रामीणों के साथ मिलकर प्रखंड मुख्यालय में जोरदार धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा।
उन्होंने कहा कि जन आंदोलन मंच झारखंड हमेशा से जनता की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। संगठन का उद्देश्य सिर्फ मुद्दे उठाना नहीं बल्कि जमीन पर काम कर लोगों को राहत पहुंचाना है।
जनता की सुविधा के लिए सक्रिय भूमिका
स्थानीय लोगों ने कहा कि जहां प्रशासनिक तंत्र कई बार उदासीन नजर आता है, वहीं जन आंदोलन मंच लगातार क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधा के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है।