Seraikela News: गम्हरिया के टायो कॉलोनी निवासी आयुष कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 143वीं रैंक हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की है. पहले ही प्रयास में मिली इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. शुक्रवार को यूपीएससी का परिणाम जारी होते ही आयुष को बधाई देने वालों का तांता लग गया.
आयुष की प्राथमिकता भारतीय पुलिस सेवा है
जानकारी के अनुसार आयुष को रैंक के आधार पर आईएएस सेवा मिलने की संभावना है, लेकिन उनकी प्राथमिकता भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में जाने की है. आयुष टायो कंपनी के कर्मचारी प्रदीप कुमार के पुत्र हैं. उनकी प्रारंभिक शिक्षा टायो कॉलोनी स्थित विद्या ज्योति स्कूल से हुई. इसके बाद उन्होंने बिस्टुपुर के चिन्मया विद्यालय से प्लस टू की पढ़ाई पूरी की.
गुरुघासीदास विश्वविद्यालय से किया बीटेक
आगे की पढ़ाई के लिए आयुष ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित गुरुघासीदास विश्वविद्यालय से वर्ष 2023 में इंजीनियरिंग डिजाइन में बीटेक की डिग्री हासिल की. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने बेंगलुरु में प्रोडक्ट डिजाइनर के रूप में काम करते हुए यूपीएससी की तैयारी शुरू की. महज दो वर्षों की तैयारी में ही उन्होंने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर ली.
बताया जाता है कि टायो कंपनी के बंद होने के बाद आयुष के पिता प्रदीप कुमार को बच्चों की पढ़ाई जारी रखने में काफी आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया. वर्तमान में प्रदीप कुमार दुर्गापुर में कार्यरत हैं, जबकि उनका परिवार टायो कॉलोनी के एच-40 आवास में रहता है.
बेटे की सफलता से पूरा परिवार गौरवान्वित
आयुष के परिवार में माता कुमारी रेणुका, बड़ी बहन और पिता शामिल हैं. उनकी बड़ी बहन भी बीटेक इंजीनियर हैं और कोलकाता में टीसीएस कंपनी में कार्यरत हैं. आयुष फिलहाल बेंगलुरु में हैं और एक-दो दिनों में गम्हरिया पहुंचने की संभावना है. पिता प्रदीप कुमार ने बताया कि परिवार के सदस्य अलग-अलग स्थानों पर होने के कारण इस उपलब्धि का जश्न फिलहाल एक साथ नहीं मना पा रहे हैं, लेकिन बेटे की सफलता से पूरा परिवार गौरवान्वित है.