Jamshedpur News: लौहनगरी जमशेदपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, एमजीएम (MGM) में पानी की किल्लत एक बार फिर गंभीर रूप ले सकती है. जैसे-जैसे गर्मी का पारा चढ़ रहा है, अस्पताल परिसर में स्थित बोरिंग का जलस्तर नीचे चला गया है, जिससे पानी की आपूर्ति में भारी गिरावट आई है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अब बाहरी स्रोतों से पानी की टंकी (टैंकर) मंगाने की आवश्यकता बढ़ गई है.
प्राचार्य का सख्त निर्देश: रोज चाहिए 10 टंकी पानी
अस्पताल में पानी की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एमजीएम के प्राचार्य ने पिछले दिनों स्पष्ट निर्देश जारी किए थे. उनके अनुसार, अस्पताल की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रतिदिन कम से कम दस टंकी पानी मंगाना अनिवार्य है. हालांकि, धरातल पर स्थिति इसके विपरीत दिख रही है और पिछले कुछ दिनों से टैंकरों की संख्या में लगातार कमी दर्ज की जा रही है.
शुक्रवार को भी कम रही आपूर्ति
जल संकट की हकीकत शुक्रवार को भी देखने को मिली, जब पूरे दिन में निर्धारित 10 टंकी पानी अस्पताल नहीं पहुंच सका. आपूर्ति में इस कोताही के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इस लापरवाही को देखते हुए प्रबंधन ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है और संबंधित विभाग को सुबह-शाम मिलाकर अनिवार्य रूप से 10 टैंकर पानी भेजने का नया निर्देश जारी किया है.