Jharkhand Politics: रांची में आयोजित सांगठनिक चुनाव के बाद खीरू महतो एक बार फिर झारखंड जदयू के निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुन लिए गए हैं. यह लगातार तीसरा अवसर है जब पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है. राज्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रवण कुमार ने चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद महतो को आधिकारिक निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा. इस दौरान एक दर्जन से अधिक जिला अध्यक्षों और राज्य परिषद के सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गई.
काम करने वालों को मिलेगी जगह, छोटी होगी प्रदेश कमेटी
निर्वाचित होने के बाद खीरू महतो ने स्पष्ट किया कि आगामी संगठन विस्तार में प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने बताया कि संसद के बजट सत्र की समाप्ति के बाद नई कमेटी का गठन होगा, जो पहले के मुकाबले छोटी और अधिक सक्रिय होगी. जिन जिलों में सदस्यता अभियान अभी अधूरा है, वहां आने वाले समय में जिला अध्यक्षों का चुनाव पूरा कर लिया जाएगा. महतो ने कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पार्टी को राज्य के कोने-कोने तक मजबूत करने का आह्वान किया.
इन प्रमुख जिलों में नियुक्त हुए नए अध्यक्ष
पार्टी के सांगठनिक चुनाव के तहत राजधानी रांची की कमान तेतरा महतो को सौंपी गई है, जबकि रांची महानगर का जिम्मा अखिलेश राय संभालेंगे. धनबाद में पिंटू सिंह, गोड्डा में चंद्रधर सिंह चुन्नू, और पाकुड़ में गौतम मंडल को जिला अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है. वहीं, हजारीबाग में प्रभुदयाल महतो, रामगढ़ में ज्योतिंद्र साहू, और बोकारो में प्रदीप महतो को संगठन की मजबूती के लिए चुना गया है.
कोयलांचल से लेकर पलामू तक जिला प्रभारियों की घोषणा
चतरा जिले के लिए रामाशीष डांगी और पलामू के लिए मनोज दुबे के नामों पर मुहर लगी है. जमशेदपुर जिले की जिम्मेदारी सुबोध श्रीवास्तव को दी गई है, जबकि जमशेदपुर महानगर के अध्यक्ष अजय कुमार बनाए गए हैं. इसी कड़ी में साहेबगंज से सुनील सिन्हा, दुमका से उदय सिंह, सिमडेगा से सुनील नायक और कोडरमा से कृष्णा सिंह घटवार को जिला अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है.