तत्काल प्रभाव से रद्द
प्रशासन ने इन सभी आवेदनों को नियमों के विरुद्ध पाते हुए तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। जांच में पाया गया कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज जमा नहीं किए थे या गलत जानकारी दी थी। विशेष रूप से आवासीय प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करने के कारण सबसे अधिक आवेदन अमान्य घोषित किए गए।
सभी आवेदनों को निरस्त
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई अभ्यर्थियों ने दूसरे जिले के आवासीय प्रमाण पत्र के आधार पर आवेदन किया था, जबकि कुछ आवेदनों में पहचान पत्र संलग्न नहीं किया गया था या गलत पहचान पत्र लगाया गया था। नियमों के अनुरूप दस्तावेज नहीं मिलने के कारण ऐसे सभी आवेदनों को निरस्त कर दिया गया।
प्रखंडवार रद्द आवेदनों की बात करें तो बाघमारा प्रखंड से सबसे अधिक 150 आवेदन खारिज किए गए हैं। इसके अलावा बलियापुर के 63, धनबाद के 61, एग्यारकुंड के 56, गोविंदपुर के 97, केलियासोल के 40, निरसा के 21, पूर्वी टुंडी के 32, तोपचांची के 67 और टुंडी प्रखंड के 33 आवेदन रद्द किए गए हैं।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दस्तावेजों की जांच पूरी सख्ती
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दस्तावेजों की जांच पूरी सख्ती के साथ की जा रही है। गौरतलब है कि जिले में होमगार्ड बहाली के तहत लिखित और शारीरिक परीक्षा 6 अप्रैल से 22 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी। इस भर्ती को लेकर युवाओं में काफी उत्साह है और बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।