Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-08

Giridih News: गिरिडीह के पचम्बा में सनसनी, लापता ट्रैक्टर चालक का सड़क किनारे मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक दुखद घटना सामने आई है. पचम्बा थाना क्षेत्र के कजरो-पिंडाटांड़ मुख्य मार्ग पर रविवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक रविवार तड़के जब कुछ स्थानीय लोग मॉर्निंग वॉक के लिए सड़क की ओर निकले थे, तभी उनकी नजर पिंडाटांड़ के पास एक पेड़ के नीचे पड़े युवक पर पड़ी. पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है.

मुखिया की सूचना पर पहुंची पचम्बा पुलिस
शव मिलने की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पंचायत के मुखिया को दी. मुखिया की सूचना मिलते ही पचम्बा थाना की पुलिस टीम दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर प्राथमिक जांच शुरू की और आसपास के लोगों से पूछताछ की.

परिजनों ने की इब्राहीम अंसारी के रूप में पहचान
पुलिस की छानबीन और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की शिनाख्त बडीयाबाद निवासी 22 वर्षीय इब्राहीम अंसारी उर्फ कारू अंसारी के रूप में हुई है. इब्राहीम के पिता का नाम रहमान अंसारी बताया जा रहा है. शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया.

काम के सिलसिले में घर से निकला था युवक
मृतक के परिजनों ने बताया कि इब्राहीम पेशे से ट्रैक्टर चलाने का काम करता था. शनिवार की रात वह किसी जरूरी काम का हवाला देकर घर से बाहर निकला था. जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिवार वाले उसकी तलाश में जुटे थे. परिजनों को अंदेशा नहीं था कि सुबह उन्हें इब्राहीम की मौत की खबर मिलेगी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !