Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-08

Bihar News: बिहार की राजनीति में नई एंट्री, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जदयू में शामिल

Bihar: रविवार को बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  के पुत्र निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जनता दल (United) की सदस्यता ग्रहण ली है। पटना के वीर चंद्र पटेल रोड स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय जा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, नेता और समर्थक मौजूद रहे। सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत कुमार ने सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता का अभिवादन करते हुए कहा कि अब वह पार्टी के एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में लोगों की सेवा करेंगे।

पिता के काम को आगे बढ़ाने की जताई इच्छा
अपने संबोधन में निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता ने बिहार के विकास और जनता की भलाई के लिए लंबे समय तक काम किया है। उन्होंने कहा कि वह उसी रास्ते पर चलकर लोगों की सेवा करना चाहते हैं।

उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि राजनीति में यह उनका पहला कदम है और उन्हें अभी बहुत कुछ सीखना है। इसके लिए वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और जनता के आशीर्वाद की उम्मीद रखते हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पिता का राज्यसभा जाने का निर्णय उनका व्यक्तिगत फैसला है, जबकि वह खुद जमीनी स्तर पर काम करना चाहते हैं।

सुबह से ही जदयू कार्यालय में जुटने लगे थे कार्यकर्ता
निशांत कुमार के पार्टी में शामिल होने को लेकर जदयू कार्यालय में सुबह से ही हलचल तेज थी। राज्य के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता पटना पहुंचे थे। खासकर नालंदा, मोकामा और बाढ़ इलाके से आए समर्थकों की संख्या काफी अधिक रही।

कार्यक्रम के दौरान कई समर्थक घोड़ा और हाथी लेकर भी पहुंचे, जिससे माहौल और उत्साहपूर्ण हो गया। समर्थक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और निशांत कुमार के समर्थन में नारे लगाते नजर आए। भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और पुलिस बल की तैनाती की गई।

समर्थकों में दिखा जबरदस्त उत्साह
जदयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों में निशांत कुमार की एंट्री को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। कई लोगों का मानना है कि इससे पार्टी को एक नया चेहरा और नई ऊर्जा मिलेगी। कुछ समर्थकों ने तो यह भी कहा कि भविष्य में निशांत कुमार को राज्य की बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है और वे आगे चलकर बिहार का नेतृत्व कर सकते हैं।

पूरे बिहार का दौरा करेंगे निशांत कुमार
जदयू के वरिष्ठ नेता और विधान परिषद सदस्य Neeraj Kumar ने इस मौके को पार्टी के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने से संगठन को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार जल्द ही पूरे बिहार का दौरा करेंगे और पार्टी के कार्यक्रमों तथा संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। पार्टी के सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्य भी उनकी एंट्री का स्वागत कर रहे हैं।

सदस्यता से पहले नेताओं के साथ हुई थी चर्चा
पार्टी में शामिल होने से एक दिन पहले शनिवार को निशांत कुमार ने जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर पार्टी के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की थी। इस बैठक में मंत्री Shravan Kumar समेत कई प्रमुख नेता मौजूद थे।

बैठक के दौरान निशांत कुमार ने पार्टी के कई मुद्दों पर चर्चा की और नेताओं की राय भी जानी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि आने वाले समय में उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !