Ranchi News: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बिरसा मुंडा हवाईअड्डा, रांची में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), सीआईएसएफ, विभिन्न एयरलाइंस और अन्य सहयोगी संस्थाओं में कार्यरत महिला कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
कार्य व निजी जीवन के बीच संतुलन के बारे में विस्तार
कार्यक्रम की अध्यक्षता कल्याणमयी की अध्यक्ष द्वारा की गई. इस दौरान ब्रह्माकुमारी संस्था की सिस्टर इंदु ने “सेल्फ केयर और तनाव प्रबंधन” विषय पर एक प्रेरक सत्र लिया. उन्होंने महिलाओं को मानसिक संतुलन बनाए रखने, सकारात्मक सोच विकसित करने और कार्य व निजी जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया.
इस मौके पर महिला कर्मचारियों के लिए आपसी संवाद, नेटवर्किंग और मनोरंजन से जुड़ी कई गतिविधियां भी आयोजित की गईं. इन कार्यक्रमों में सभी प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और एक-दूसरे के अनुभव साझा किए.
महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका और उनके योगदान को सम्मान
पूरे आयोजन का उद्देश्य कार्यस्थल पर महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका और उनके योगदान को सम्मान देना था. कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा मिला.
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक और उपयोगी बताया. उनका कहना था कि ऐसे कार्यक्रम कार्यस्थल पर सकारात्मक माहौल बनाने के साथ-साथ महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं.