Ranchi News: रांची में फूल प्रेमियों के लिए एक खास आयोजन होने जा रहा है. द रोज सोसाइटी ऑफ रांची द्वारा रांची क्लब लिमिटेड के सहयोग से 15 मार्च को रांची क्लब हॉल में 103वीं बसंतकालीन गुलाब प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी. इस प्रदर्शनी में विभिन्न रंगों और किस्मों के आकर्षक गुलाबों के साथ-साथ शिल्प कला, पेंटिंग, फोटोग्राफी और गुलाब सजावट की भी झलक देखने को मिलेगी.
सोसाइटी के अध्यक्ष गणेश मुंजाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदर्शनी में सर्वश्रेष्ठ गुलाब को किंग ऑफ द शो और दूसरे स्थान पर रहने वाले गुलाब को क्वीन ऑफ द शो का पुरस्कार दिया जाएगा. इसके अलावा बेहतरीन फ्लोरीबंडा गुलाब को प्रिंस ऑफ द शो तथा सबसे सुंदर मिनिएचर गुलाब को प्रिंसेस ऑफ द शो के खिताब से सम्मानित किया जाएगा.
प्रतियोगिता की सात अलग-अलग श्रेणीया
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को सात अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है. इनमें व्यक्तिगत श्रेणी, संस्थागत श्रेणी, भारतीय गुलाब, नौसिखिए प्रतिभागी, गुलाब का असीमित प्रदर्शन, गुलाब सजावट तथा पेंटिंग, क्राफ्ट और कढ़ाई जैसी श्रेणियां शामिल हैं. इन सभी श्रेणियों को मिलाकर कुल 59 सेक्शन बनाए गए हैं.
प्रदर्शनी में शामिल फूलों का मूल्यांकन उनके आकार, रंग, बनावट, पत्तियों और तने की गुणवत्ता के आधार पर किया जाएगा. प्रतिभागियों को फूलों के प्रदर्शन के लिए जरूरी कंटेनर और बोतलें सोसाइटी की ओर से नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी.
आयोजकों के अनुसार इस प्रदर्शनी में आम लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रांची की अनुकूल जलवायु का लाभ उठाते हुए गुलाब की खेती और बागवानी के प्रति लोगों को प्रोत्साहित करना है.